
श्रीनगर। 57 दिवसीय पवित्र अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गई। पहले दिन गांदरबल जिले के बालटाल और अनंतनाग जिले के पहलगाम (नुनवान) बेस कैंप से 4,822 श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अनुसार, पहले जत्थे के श्रद्धालुओं के साथ सुरक्षा बलों और यात्रा प्रबंधन में तैनात कर्मचारियों सहित करीब 9 हजार लोग शुक्रवार शाम तक पवित्र गुफा के दर्शन करेंगे। सभी श्रद्धालु गुरुवार को ही दोनों बेस कैंपों पर पहुंच गए थे।
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर हर दो किलोमीटर पर ऑक्सीजन बूथ स्थापित किए गए हैं। दोमेल मार्ग पर चार स्थानों पर बड़ी स्क्रीन के जरिए मौसम की जानकारी दी जा रही है, जबकि बालटाल मार्ग पर 12 स्थानों पर वाटरप्रूफ डोम बनाए गए हैं, ताकि खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित ठहराया जा सके।
अमरनाथ यात्रा दो मार्गों से संचालित होती है। पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले का 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग। यह पवित्र यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।









