- हैदराबाद से पकड़ा गया – जीआरपी चारबाग और सर्विलांस टीम ने अजीजनगर से किया गिरफ्तार
- गंभीर धाराओं में दर्ज हैं केस – अपहरण, धमकी और अन्य संगीन अपराधों में नामजद है आरोपी
- ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया लखनऊ – कोर्ट से अनुमति लेकर आरोपी को लखनऊ जेल भेजा गया
लखनऊ। चारबाग जीआरपी को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रेलवे पुलिस ने बिहार पुलिस की अभिरक्षा से फरार चल रहे 15 हजार के इनामी अपराधी धर्मेंद्र उर्फ माही को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए जीआरपी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। अब उसे लखनऊ जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
ऐशबाग स्टेशन पर भीड़ का फायदा उठाकर हुआ था फरार
घटना 10 जनवरी 2025 की है। बिहार की बरौनी रिफाइनरी थाना पुलिस आरोपी धर्मेंद्र को पंजाब के जालंधर से ट्रेन (15708 आम्रपाली एक्सप्रेस) से बिहार ले जा रही थी। ट्रेन के लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर रुकने के दौरान पुलिस कर्मी उसे शौच के लिए ले जा रहे थे। तभी आरोपी ने यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा दिया और फरार हो गया।
जीआरपी ने दर्ज किया मुकदमा, हैदराबाद से हुई गिरफ्तारी
धर्मेंद्र के फरार होने के बाद चारबाग जीआरपी ने आईपीसी की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने पहले जालंधर में छानबीन की, लेकिन सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार समेत हैदराबाद में छिपा है। इसके बाद जीआरपी और सर्विलांस टीम ने अजीजनगर चर्च के पास से उसे दबोच लिया।








