तेज रफ्तार बस हाईवे पर पलटी- 20 कर्मचारी घायल

  • हरिद्वार हाईवे पर बस पलटी, 20 फैक्ट्री कर्मचारी घायल
  • ड्राइवर नशे में था, यात्रियों की चेतावनी अनसुनी
  • फैक्ट्री मालिक पर देर रात तक जबरन ओवरटाइम कराने का आरोप

मुरादाबाद। हरिद्वार हाईवे पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस अगवानपुर फ्लाइओवर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। यह बस छजलैट की फाइनस्को एक्सपोर्ट फैक्ट्री से कर्मचारियों को लेकर मुरादाबाद लौट रही थी। हादसे में 30 में से 20 कर्मचारी घायल हो गए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को कॉसमॉस अस्पताल और डेंटल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

नशे में था ड्राइवर, ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार बस ड्राइवर शराब के नशे में था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह हाईवे पर सामने जा रहे वाहन को बार-बार ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। यात्रियों ने जब उसे मना किया तो भी वह नहीं माना और अनियंत्रित होकर बस पलट गई।

चीख-पुकार के बीच घायलों को निकाला गया बाहर
रात करीब 12 बजे हुए हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को बस से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायल महिला कर्मचारी भुवनेश्वरी के पति सुरेश ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने जबरन ओवरटाइम कराया और शराबी ड्राइवर के हवाले स्टाफ को कर दिया।

फैक्ट्री ने जबरन 11 बजे तक कराया ओवरटाइम
स्टाफ के अनुसार आमतौर पर शाम 6 बजे काम खत्म हो जाता है, लेकिन मंगलवार को उन्हें रात 11 बजे तक रोका गया और फिर आधी रात को बस से रवाना किया गया। घायल राकेश ने बताया कि ड्राइवर पर पहले से शराब पीने की आदत थी, इसके बावजूद उसे बस चलाने दिया गया।

Back to top button