
- ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी में FIR दर्ज
- हिंदू धर्म पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद
- वकील रिंकी चटर्जी सिंह ने दर्ज कराई शिकायत
ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर थाने में FIR दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2025 में कोलकाता में आयोजित एक ईद कार्यक्रम के दौरान सनातन और हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
विवाद उस कथित बयान को लेकर है, जिसमें ‘गंदा धर्म’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस मामले पर ममता बनर्जी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह शिकायत वकील रिंकी चटर्जी सिंह ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि बयान से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कुछ नेता पहले भी हिंदू धर्म को लेकर विवादित बयान देते रहे हैं।
TMC नेता ने भी बयान को बताया गलत
TMC के दार्जिलिंग यूनिट के महासचिव और वकील अत्री शर्मा ने भी इस बयान को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर भी कई लोग इस टिप्पणी से सहमत नहीं थे और किसी को भी शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है।
पुलिस ने ममता बनर्जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें सेक्शन 351(1), सेक्शन 352 और सेक्शन 353(2) शामिल हैं, जो आपराधिक धमकी, शांति भंग करने की मंशा से अपमान और धार्मिक समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से जुड़े प्रावधान हैं।
TMC विधायकों की मुलाकात से बढ़ीं राजनीतिक चर्चाएं
इधर तृणमूल कांग्रेस के विधायक रितब्रत बनर्जी और संदीपन साहा मंगलवार को विधानसभा में स्पीकर रथींद्र बोस से मिलने पहुंचे। उस समय वहां शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे, जिसके बाद राजनीतिक अटकलें तेज हो गईं।
बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा चल रही है। हालांकि दोनों विधायकों ने इस मुलाकात को सामान्य और संयोग बताया है।









