..गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 16 वर्षीय किशोर ने अपने बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की सोते समय हत्या कर दी। घटना में 9 साल की भतीजी ने आरोपी को वारदात करते हुए देख लिया और शोर मचाते हुए कमरे से बाहर भाग गई, जिससे पूरे परिवार को घटना की जानकारी हुई।
सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। जब पिता बड़े बेटे के कमरे में गए तो तीनों के शव पड़े हुए थे। इसी दौरान आरोपी किशोर हाथ में गड़ासा लेकर कमरे से बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया। पिता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
एसएसपी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऊपर की मंजिल पर बैठा मिला और उसके हाथ में हथियार था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे परिवार द्वारा खाना न दिए जाने और उपेक्षा के कारण वह तनाव में था।
आरोपी ने यह भी कहा कि वह पढ़ना चाहता था, लेकिन उसे अवसर नहीं मिला। उसने बताया कि इसी मानसिक तनाव में उसने यह वारदात की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पारिवारिक विवाद तथा मानसिक स्थिति के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
मृतकों की पहचान अमित गुप्ता (35), उनकी पत्नी रंजना (32) और उनके 3 वर्षीय पुत्र रेयांश के रूप में हुई है। घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









