
संभल जिले में 20 हजार से अधिक एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को केवाईसी अधूरी होने और मोबाइल नंबर बदलने के कारण सिलेंडर बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम ने किया गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण
समस्या के बीच जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने पहली बार गुन्नौर तहसील के बरवाला स्थित गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग और एसडीएम अवधेश कुमार भी मौजूद रहे।
उपभोक्ताओं से बातचीत, कर्मचारियों को निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एजेंसी पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत की और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के बाद जिले की सभी गैस एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
39 एजेंसियां, 5 लाख से अधिक कनेक्शन
जिले में कुल 39 गैस एजेंसियां संचालित हैं और 5 लाख से अधिक गैस कनेक्शन हैं। इनमें करीब 2.25 लाख उज्ज्वला और 750 कमर्शियल कनेक्शन शामिल हैं।
उपभोक्ताओं की शिकायतें भी सामने आईं
कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग के बाद भी सिलेंडर किसी अन्य को दे दिए जाते हैं। वहीं, केवाईसी अधूरी होने के कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
डीएम बोले- घबराने की जरूरत नहीं
डीएम ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है और व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से पैनिक न होने की अपील की।
कमर्शियल सिलेंडर बुकिंग पर उन्होंने बताया कि उपलब्धता के अनुसार तुरंत वितरण किया जा रहा है और इसके लिए अलग आवेदन प्रक्रिया अपनाई जाती है।








