विशाखापट्टनम में दिल दहला देने वाली वारदात

विशाखापट्टनम। विशाखापट्टनम से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा नेवी कर्मचारी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी और फिर शव के कई टुकड़े कर दिए। वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपना अपराध कबूल कर लिया।

शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगह छिपाए

मृतका की पहचान 31 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है, जबकि आरोपी 35 वर्षीय चिंतादा रविंद्र है, जो INS डेगा में टेक्निशियन के पद पर तैनात है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हत्या के बाद शव के सिर, हाथ और पैर अलग कर दिए।

  • पैरों और कूल्हे के हिस्से को ट्रॉली बैग में छिपाया
  • धड़ को घर के फ्रिज में रखा
  • सिर और हाथों को सुनसान इलाके में जलाने की कोशिश की

जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर और फ्रिज से शव के टुकड़े बरामद हुए, हालांकि सिर अभी भी लापता है।

डेटिंग ऐप से शुरू हुआ रिश्ता

पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतका की मुलाकात साल 2021 में ‘मिंगल’ नाम के डेटिंग ऐप पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया और वे शहर के अलग-अलग स्थानों पर मिलते रहे।

शादी के बाद बढ़ा विवाद

साल 2024 में आरोपी ने दूसरी महिला से शादी कर ली। इसके बाद मृतका मोनिका उसे उसकी पत्नी को संबंध के बारे में बताने की धमकी देने लगी।

आरोपी के अनुसार, मोनिका ने उससे करीब 3.5 लाख रुपये भी लिए थे, जिससे दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया।

पहले से रची थी हत्या की साजिश

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने हत्या की साजिश पहले से ही रच ली थी। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी मायके विजयनगरम चली गई थी, जिसका फायदा उठाकर उसने मोनिका को घर बुलाया।

रविवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

ऑनलाइन मंगवाया चाकू, फिर काटा शव

हत्या के बाद आरोपी ने ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए चाकू मंगवाया और शव के टुकड़े कर दिए।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गायब शरीर के हिस्सों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button