शराब पार्टी के दौरान विवाद, पिता ने कुल्हाड़ी से काटकर बेटे की हत्या

बदायूं में वारदात के बाद शव चादर से ढककर फरार हुआ आरोपी, सुबह पुलिस ने किया गिरफ्तार

बदायूं। जिले के उसहैत थाना क्षेत्र के बची गांव में शुक्रवार रात एक पिता ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने 35 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले पिता और बेटे ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बीच पिता ने घर में रखी कुल्हाड़ी से बेटे की गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले में उसकी मौत हो गई।

शव चादर से ढककर फरार हुआ आरोपी

वारदात के बाद आरोपी पिता बेटे के शव को चादर से ढककर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो अंदर पहुंचे। चारपाई पर पड़े शव से चादर हटाने पर खून से लथपथ हालत देखकर लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।

सुबह करीब 10 बजे आरोपी पिता गिरफ्तार

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। घटना स्थल जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर उसहैत थाना क्षेत्र में है।

छह बेटियों के बाद इकलौता बेटा था राम अवतार

बची गांव निवासी नरेश जाटव के परिवार में छह बेटियां और एक बेटा राम अवतार (35) था। परिवार की एक बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि बाकी पांच बेटियों की शादी हो चुकी है। राम अवतार परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button