- काकोरी के काकराबाद गांव में करंट लगने से युवक की मौत
- परिजनों ने ठेकेदार व बिजलीकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया
- घटना के बाद ग्रामीणों ने लखनऊ-हरदोई रोड पर लगाया जाम
लखनऊ। राजधानी के काकोरी क्षेत्र स्थित काकराबाद गांव में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय सुरेन्द्र यादव की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक अशरफ खेड़ा का निवासी था और बिजली के खंभे लगाने के काम में जुटा था। परिजनों ने इस हादसे के लिए ठेकेदार और बिजलीकर्मियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
परिजनों का आरोप है कि कार्य के दौरान बिजली लाइन को बंद नहीं किया गया, जिसकी वजह से सुरेन्द्र को करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों को भी घटनास्थल पर काफी देर से दी गई, जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा।
हरदोई रोड पर किया जाम, गिरफ्तारी की मांग
गुरुवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-हरदोई रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और न्यायिक कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात भी कुछ देर के लिए बाधित रहा।
मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के भाई शीलू यादव ने बताया कि यह हादसा मंगलवार शाम करीब 5 बजे हुआ था। सुरेन्द्र ठेकेदार मोनू मौर्या उर्फ राज नारायण मौर्या के साथ बिजली के खंभे लगाने का कार्य कर रहा था। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद सुरेन्द्र को अस्पताल नहीं ले जाया गया, बल्कि रात 8 बजे परिजनों को सूचना दी गई।
हाइड्रा ऑपरेटर मौके से फरार
परिजनों का कहना है कि घटना के वक्त मौके पर मौजूद हाइड्रा हाईवा ऑपरेटर हादसे के तुरंत बाद फरार हो गया। वहीं ठेकेदार मोनू मौर्या और केदार पर घटना को छिपाने और खुद को बचाने की कोशिश करने का भी आरोप है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुरेन्द्र की शादी को मात्र एक वर्ष ही हुआ था और उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और मां घर पर रहती हैं। अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी सुरेन्द्र के कंधों पर ही थी।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और परिवार को उचित मुआवजा और सहयोग दिया जाए।








