
- हॉस्टल कमरे में बेहोश हालत में मिलीं MBBS डॉक्टर
- दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला, अस्पताल में मृत घोषित
- नींद की गोलियों की ओवरडोज से सुसाइड की आशंका
- पहले भी कर चुकी थीं आत्महत्या की कोशिश
आगरा: आगरा में 28 वर्षीय महिला डॉक्टर ने कथित तौर पर सुसाइड कर लिया है। रविवार शाम वह अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोश अवस्था में मिलीं, जिसके बाद उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कमरा अंदर से बंद, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा
मामले का पता तब चला जब डॉक्टर अपनी मां का फोन नहीं उठा रही थीं। मां ने उनके साथ पढ़ाई कर रहे एक साथी डॉक्टर को कमरे पर भेजा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
MBBS के बाद कर रही थीं MD की पढ़ाई
मृतका लखनऊ की रहने वाली थीं और MBBS के बाद मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय से एमडी की पढ़ाई कर रही थीं।
पहले भी कर चुकी थीं आत्महत्या की कोशिश
संस्थान के निदेशक के अनुसार, छात्रा ने 27 मार्च को भी नींद की गोलियों की ओवरडोज लेकर आत्महत्या का प्रयास किया था। बाद में उनकी हालत में सुधार हुआ था और परिजन उन्हें घर ले गए थे।
तनाव और शिकायतों से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि फरवरी में उन्होंने एक सीनियर रेजिडेंट पर बदसलूकी के आरोप लगाए थे, लेकिन जांच में आरोप साबित नहीं हुए। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थीं और उनका इलाज भी चल रहा था।









