महोबा में ई-रिक्शा पलटने से 4 माह की बच्ची की मौत

महोबा। Mahoba के कबरई थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा लिलवाही गांव के पास उस समय हुआ, जब एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में बच्ची मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और अन्य परिजन मामूली रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, लिलवाही गांव निवासी लालबाबू की पत्नी हिना अपनी चार माह की बेटी मुस्कान की तबीयत खराब होने पर उसे दवा दिलाने बघारी गांव गई थीं। उनके साथ 13 वर्षीय बेटा अरमान और 15 वर्षीय भतीजी अंशु भी मौजूद थे। दवा लेने के बाद सभी लोग ई-रिक्शा से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वाहन गहरा गांव के पास पहुंचा, चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में मां हिना और अन्य बच्चों को हल्की चोटें आईं, लेकिन मासूम मुस्कान ई-रिक्शा के नीचे दब गई और बेहोश हो गई।

परिजन उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और ई-रिक्शा चालक की लापरवाही पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button