मुरादाबाद में ‘बुलडोजर वाली बारात’ बनी चर्चा का विषय

दोस्तों संग बुलडोजर पर नाचते-गाते दिखे बाराती, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे शादी के वीडियो

मुरादाबाद। मुरादाबाद में एक अनोखी बारात इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक दूल्हा पारंपरिक घोड़ी या लग्जरी कार की जगह बुलडोजर पर सवार होकर अपनी बारात लेकर ससुराल पहुंचा। इस अनोखे अंदाज के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह बारात छजलैट थाना क्षेत्र के उमरी कला गांव की है। दूल्हे की पहचान उस्मान के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में दूल्हा अपने दोस्तों के साथ बुलडोजर पर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि बाराती भी उसी पर सवार होकर डांस और मस्ती करते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बुलडोजर पर 12 से अधिक बाराती नाचते-गाते दिखाई दे रहे हैं। शादी समारोह के दौरान इस अनोखी एंट्री को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी जुट गए।

इस अनूठी बारात के कई वीडियो इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए हैं, जिन्हें हजारों लोग देख चुके हैं। कुछ वीडियो में दूल्हा अपने दोस्तों के साथ मस्ती करता दिखाई दे रहा है, जिससे यह बारात इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहली बार किसी दूल्हे ने बुलडोजर पर सवार होकर बारात निकाली है। यही वजह है कि यह अनोखा आयोजन लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button