ओडीओपी योजना के तहत 400 प्रशिक्षित युवाओं को मिली टूलकिट

अंबेडकरनगर में आयोजित कार्यक्रम, स्वरोजगार से जुड़ने पर दिया गया जोर

अंबेडकरनगर। जिले में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना” के तहत 400 प्रशिक्षित लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय और जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा ने लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान पांच लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से मंच से टूलकिट दी गई। वहीं अन्य लाभार्थियों को जिला विकास अधिकारी की निगरानी में जिला उद्योग केंद्र परिसर में टूलकिट वितरित की गई।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरिओम पाण्डेय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण के साथ आर्थिक सहयोग भी दिया जा रहा है, जिससे वे अपना रोजगार शुरू कर सकें।

उन्होंने लाभार्थियों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और अपने कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

योजनाओं का लाभ लेने की अपील

जिलाधिकारी ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री युवा योजना समेत अन्य स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई टूलकिट का सही उपयोग कर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा योजना की जानकारी देते हुए युवाओं को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही है।

लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। शिवांगी वर्मा, ललिता देवी और रोशनी वर्मा ने कहा कि ओडीओपी योजना के तहत मिले प्रशिक्षण से उन्हें काम सीखने का अवसर मिला। वहीं टूलकिट मिलने से स्वरोजगार शुरू करने में मदद मिलेगी।

लाभार्थियों ने योजना के लिए सरकार और प्रशासन का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button