नई दिल्ली। चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-1879) में एक यात्री ने उड़ान के दौरान जमकर हंगामा किया। यात्री ने विमान की खिड़की का शीशा तोड़ दिया और क्रू मेंबर्स के साथ अभद्र व्यवहार किया। हालांकि, क्रू की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार की है। विमान के दिल्ली पहुंचने के बाद संबंधित यात्री को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। बताया गया कि उसने एयरपोर्ट पर भी भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
यात्री के परिजनों ने दावा किया कि वह मानसिक रूप से बीमार है। इसके बाद कराई गई मेडिकल जांच में यह बात सही पाई गई। घटना के बाद एयरलाइन ने यात्री को 30 दिनों के लिए नो-फ्लाई लिस्ट में शामिल कर लिया है। मामले की रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी भेज दी गई है, जो समीक्षा के बाद प्रतिबंध की अवधि छह महीने तक बढ़ा सकता है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यात्री के अनियंत्रित व्यवहार के बाद कॉकपिट और केबिन क्रू ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया। पहले यात्री को कड़ी चेतावनी दी गई और साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई।
प्रवक्ता ने कहा कि उड़ान के दौरान यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया। एयर इंडिया सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है। मामले की जानकारी DGCA को सौंप दी गई है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।









