- अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम
- मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने खेल सामग्री सौंपी
- 42 महिला और 6 युवक मंगल दलों को मिला लाभ
अंबेडकरनगर। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग की ओर से जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु खेल प्रोत्साहन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव द्वारा मंगल दलों के अध्यक्षों व सदस्यों को सामग्री सौंपी गई।
48 मंगल दलों को मिला लाभ
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनपद के कुल 48 मंगल दलों को इस योजना का लाभ प्रदान किया गया, जिनमें 42 महिला मंगल दल व 6 युवक मंगल दल शामिल हैं। सभी विकास खण्डों से आए मंगल दलों के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
खेल सामग्री के साथ सामाजिक भूमिका की अपेक्षा
प्रोत्साहन सामग्री वितरण के उपरांत मा. मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने मंगल दलों से अपील की कि वे केवल खेल गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि समाजहित में चलाए जा रहे अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान, सर्व शिक्षा अभियान, वृक्षारोपण व स्वैच्छिक रक्तदान जैसे कार्यक्रमों में सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।








