लखनऊ स्टेशन से मां की गोद से 5 साल का बच्चा गायब

लखनऊ। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सो रही मां की गोद से उसका 5 साल का बेटा लापता हो गया। घटना 22 फरवरी 2026 की है, जबकि इस मामले में शिकायत करीब डेढ़ महीने बाद 30 मार्च को दर्ज कराई गई है।

पीड़ित परिवार अमेठी जिले के अर्जुननगर गांव का रहने वाला है। पिता धर्मेंद्र के अनुसार, 22 फरवरी को उनकी पत्नी से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह अपने तीनों बेटों को लेकर घर से चली गई थी।

स्टेशन पर सोते समय गायब हुआ बच्चा

महिला के मुताबिक, वह लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 (छोटी लाइन) पर रात में बच्चों के साथ सो गई थी। सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसका छोटा बेटा उस्मान (5) वहां नहीं था।

उसने काफी देर तक आसपास तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।

दो बच्चों के साथ घर लौटी मां

महिला 25 फरवरी को घर वापस लौटी, लेकिन उसके साथ केवल दो बच्चे ही थे। जब परिवार वालों ने तीसरे बच्चे के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि वह स्टेशन से लापता हो गया है।

पहले अमेठी में दी गई थी सूचना

परिवार ने पहले स्थानीय थाने सुल्तान वारिसगंज में शिकायत दी थी। बाद में पिता धर्मेंद्र ने 30 मार्च को चारबाग जीआरपी थाने में मामला दर्ज कराया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

जीआरपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्चे के बारे में कोई सुराग मिल सके।

पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button