- ऑनलाइन डेटिंग एप से डॉक्टर को होटल बुलाकर बनाया निशाना
- वीडियो और फोटो लेकर कांच की नोंक पर दी जान से मारने की धमकी
- आरोपी ने 8 लाख रुपए ट्रांसफर कराए, फरार
वाराणसी। ऑनलाइन डेटिंग एप Grindr के जरिए दोस्ती की कीमत एक डॉक्टर को 8 लाख रुपए में चुकानी पड़ी। घटना सिगरा थाना क्षेत्र के एक होटल की है, जहां Grindr एप पर हुई बातचीत के बाद डॉक्टर ने एक युवक को होटल रूम में बुलाया। आरोपी ने बीयर के साथ रूम में एंट्री की और फिर डॉक्टर की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। इसके बाद गिलास तोड़कर उसकी नोंक डॉक्टर की गर्दन पर रख दी और जान से मारने की धमकी देकर पैसों की मांग की।
होटल में बुलाया, फिर किया ब्लैकमेल
पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वह सिगरा के एक होटल में रुका था और Grindr एप पर ‘luking4mature’ नाम की प्रोफाइल से 20 जुलाई की रात 8 बजे बातचीत शुरू हुई। युवक ने खुद को विकास बताया। करीब एक घंटे की बातचीत के बाद डॉक्टर ने उसे होटल में बुला लिया और होटल स्टाफ को भी इसकी सूचना दे दी।
रात 10 बजे युवक होटल पहुंचा। डॉक्टर ने बताया कि उसने विकास से बीयर लाने को कहा था, जो वह साथ लाया भी। इसके बाद दोनों ने बीयर पी और बातचीत की। इसी दौरान डॉक्टर ने अपने कपड़े उतार दिए और युवक से भी ऐसा करने को कहा, लेकिन विकास ने इनकार कर दिया।
कांच की नोंक पर ब्लैकमेल
डॉक्टर के मुताबिक, विकास ने कहा कि “इस उम्र में यह सब शोभा नहीं देता, शिव की नगरी में ऐसे काम मत करो।” फिर उसने डॉक्टर की नग्न तस्वीरें और वीडियो बना लिए। साथ ही, टेबल पर रखा गिलास तोड़कर उसकी नोंक डॉक्टर की गर्दन पर रखते हुए धमकी दी— “पैसे नहीं दिए तो यह सब तुम्हारे रिश्तेदारों को भेज दूंगा।”
लगातार मारपीट और धमकी
डॉक्टर ने बताया कि जैसे ही वह कपड़े पहनने लगा, विकास ने उसके कपड़े फाड़ दिए और थप्पड़ मारते हुए धमकी दी कि उसके संबंध आपराधिक और राजनीतिक लोगों से हैं। उसने डॉक्टर से UPI और एटीएम के जरिए पैसे ट्रांसफर कराए।
पीड़ित ने बताया कि:
-
PNB खाते से तीन बार में 80,000
-
ATM से दो बार में 40,000
-
ICICI खाते से UPI के माध्यम से 1 लाख
-
फिर एक नए पेई “राशि रौशन कुमार” को जोड़कर कुल 3.8 लाख
-
कुल मिलाकर 8 लाख रुपए वसूले गए।
आरोपी की तलाश में पुलिस
पीड़ित की शिकायत पर सिगरा थाने में आरोपी विकास उर्फ आरव पांडेय उर्फ रौशन पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।








