यूपी में 9 पीसीएस अफसरों के तबादले, अमृता सिंह 15 दिन में फिर ट्रांसफर

  • यूपी में 9 पीसीएस अफसरों के तबादले
  • अमृता सिंह 15 दिन में दूसरी बार ट्रांसफर
  • अनूप कुमार को कानपुर नगर निगम की जिम्मेदारी
  • कई जिलों में प्रशासनिक फेरबदल

उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार रात 9 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। सबसे ज्यादा चर्चा कानपुर नगर निगम की अपर नगर आयुक्त अमृता सिंह के ट्रांसफर को लेकर रही। उन्हें महज 15 दिन के भीतर कानपुर से हटाकर अमेठी का एडीएम (न्यायिक) बना दिया गया है।

अमृता सिंह को 14 मई को रायबरेली से कानपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर भेजा गया था। बताया जा रहा है कि वह खुद रायबरेली के आसपास पोस्टिंग चाहती थीं। ऐसे में अब उन्हें रायबरेली से सटे अमेठी जिले में नई जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं कानपुर में उनकी जगह वाराणसी नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को तैनात किया गया है। अनूप कुमार को भी 15 मई को वाराणसी भेजा गया था। इस तरह अमृता सिंह और अनूप कुमार दोनों के 15 दिन के भीतर दो-दो बार तबादले हुए हैं।

इसके अलावा नगर मजिस्ट्रेट प्रयागराज विनोद कुमार सिंह को मिर्जापुर का एडीएम वित्त एवं राजस्व बनाया गया है। वहीं मुरादाबाद के एसडीएम विनय कुमार सिंह को नगर मजिस्ट्रेट प्रयागराज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यूपी सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक गुलशन को मुख्य राजस्व अधिकारी बलिया बनाया गया है। बलिया के मुख्य राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार पाल को उप निदेशक, बाल विकास एवं पुष्टाहार निदेशालय लखनऊ भेजा गया है।

भदोही की उप जिलाधिकारी बरखा सिंह को यूपी सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक बनाया गया है। वहीं वेटिंग में चल रहे अविनाश कुमार गौतम को एसडीएम आजमगढ़ और अभिषेक वर्मा को एसडीएम फर्रुखाबाद की जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button