
- मुरादाबाद में बुर्का पहनी महिला से सड़क पर छेड़खानी
- आरोपी युवक CCTV में कैद, पुलिस कर रही तलाश
- महिला ने नागफनी थाने में FIR दर्ज कराई
मुरादाबाद। यूपी के मुरादाबाद में सड़क पर जा रही बुर्का पहनी महिला से छेड़खानी का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना डिप्टी गंज गोल कोठी क्षेत्र की बताई जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक महिला का पीछा करते हुए आता है और अचानक पास पहुंचकर उसके प्राइवेट पार्ट को छूता है। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले ही आरोपी वहां से भाग निकलता है।
30 सेकेंड तक करता रहा अश्लील हरकत
CCTV फुटेज के अनुसार युवक ने महिला के साथ करीब 30 सेकेंड तक बदसलूकी की और फिर तेजी से भाग गया। महिला ने बताया कि वह शाम 6 बजे सब्जी लेकर घर लौट रही थी, तभी यह घटना हुई। युवक ने पीछे से पकड़कर शर्मनाक हरकत की। शोर मचाते ही युवक फरार हो गया।
आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने नागफनी थाने में FIR दर्ज कराई। CCTV फुटेज में आरोपी युवक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। नागफनी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम फुटेज के आधार पर युवक की पहचान में जुटी हुई है।
SP सिटी बोले — जल्द होगी गिरफ्तारी
SP सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। जांच यह भी करेगी कि कहीं यह किसी साइको टाइप व्यक्ति की हरकत तो नहीं है।









