- इलाज के दौरान सोमवार रात तोड़ा दम
- 5 महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी गर्भवती
- ड्यूटी पर तैनाती के बाद आखिरी बार पत्नी से की थी बात
सीवान। पाकिस्तान की ओर से किए गए हालिया हमलों में बिहार के दो वीर सपूत शहीद हो गए हैं। सीवान जिले के वसिलपुर गांव के जवान रामबाबू प्रसाद (28) जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर ड्रोन अटैक में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान सोमवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं, छपरा के नारायणपुर गांव के BSF सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज 9 मई को आरएस पुरा सेक्टर में गोलीबारी में घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात की थी
12 मई को पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन हमले में घायल हुए रामबाबू की हाल ही में शादी हुई थी। वे 24 दिसंबर 2024 को विवाह के बंधन में बंधे थे और उनकी पत्नी इस समय गर्भवती हैं। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर जाने से पहले उन्होंने पत्नी से बात की थी। रामबाबू ने 2018 में भारतीय सेना जॉइन की थी।
शहादत की खबर से गांव में मातम
शहीद रामबाबू के चाचा शशिकांत ने बताया कि वह जल्द ही छुट्टी पर घर आने वाले थे। उन्होंने बताया कि रामबाबू के पिता स्वर्गीय रामविचार सिंह हरिहरपुर पंचायत के पूर्व उपमुखिया थे। उनकी मां बीमार रहती हैं और बड़े भाई लोको पायलट के रूप में कार्यरत हैं। रामबाबू के पार्थिव शरीर को बुधवार को गांव लाया जाएगा।
छपरा के मोहम्मद इम्तियाज को दी गई अंतिम विदाई
दूसरी ओर, छपरा के BSF सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज को सोमवार को उनके पैतृक गांव नारायणपुर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। शहीद इम्तियाज को घाटी में ड्यूटी के दौरान गोली लगी थी। अंतिम विदाई के समय “भारत माता की जय” और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारों से गांव गूंज उठा।







