
- बस बेगूसराय से दिल्ली जा रही थी, परमिट पहले ही समाप्त
- ड्राइवर-कंडक्टर मौके से फरार, इमरजेंसी गेट नहीं खुला
- दमकल ने 30 मिनट में बुझाई आग, बस पूरी जलकर खाक
लखनऊ। लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। आउटर रिंग रोड (किसान पथ) पर एक चलती एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 5 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में मां-बेटी, भाई-बहन और एक युवक शामिल हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 80 यात्री सवार थे।
घटना सुबह करीब 4:40 बजे उस समय हुई जब ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। बिहार के बेगूसराय से दिल्ली जा रही यह बस जैसे ही कटे भीट गांव के पास पहुंची, अचानक बस में धुआं भरने लगा और कुछ ही देर में आग की तेज लपटें उठने लगीं। लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
ड्राइवर-कंडक्टर फरार, इमरजेंसी गेट नहीं खुला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही ड्राइवर और कंडक्टर बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। बस में आगे की ओर एक अतिरिक्त सीट लगी थी, जिससे बाहर निकलने का रास्ता संकरा हो गया। इमरजेंसी गेट भी नहीं खुल पाया, जिससे कई यात्री फंस गए। यात्रियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि पीछे बैठे लोग बस से बाहर नहीं निकल सके।
दमकल पहुंची, लेकिन तब तक पूरी बस जल चुकी थी
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब वे बस के अंदर पहुंचे, तो वहां पांच जले हुए शव मिले, जिनकी पहचान करना मुश्किल था। बच्चों की पहचान उनके लॉकेट और कड़ों से हुई।








