सहारनपुर। देवबंद में सड़क हादसे में कुशावली गांव के चार श्रद्धालुओं की मौत के बाद पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता नहीं मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को ग्रामीणों ने हादसे में घायल युवकों को साथ लेकर चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग स्थित अटेरना गंगनहर पुल पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने मृतकों और घायलों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग उठाई।
मृतकों के परिवारों को 50-50 लाख देने की मांग
ग्रामीणों ने मांग की कि हादसे में जान गंवाने वाले चारों श्रद्धालुओं के परिजनों को 50-50 लाख रुपये और घायलों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। ग्रामीणों का कहना था कि हादसे से प्रभावित परिवारों को मदद मिलनी चाहिए।
आधे घंटे में अधिकारी नहीं पहुंचे तो NH-58 जाम करने की चेतावनी
मौके पर अधिकारियों के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आधे घंटे के भीतर अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (NH-58) पर भी जाम लगा देंगे। ग्रामीणों के प्रदर्शन से मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन गई।









