लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर- तापमान पहुंचा 43 डिग्री के करीब

  • राजधानी में सूरज का प्रकोप, गर्मी ने बढ़ाई मुश्किल
  • तापमान सामान्य से ऊपर, उमस ने बढ़ाई बेचैनी
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश में हीटवेव अलर्ट

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप के चलते गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ऐसे में शहरवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को घर से निकलने में परेशानी हो रही है। मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि वे धूप में कम निकलें, हल्के कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें, ताकि डिहाइड्रेशन और लू से बचा जा सके।

सामान्य से ऊपर चढ़ा पारा

बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया।

अगले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बारिश या ठंडी हवाओं की कोई संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में आमजन से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।

Back to top button