
- दूल्हे और परिवार को नशीला दूध पिलाकर किया बेहोश
- बिचौले जयप्रकाश ने शादी के नाम पर लाखों रुपए लिए
- दुल्हन के रिश्तेदार भी फर्जी निकले
आगरा। सुहागरात की रात दुल्हन नकदी और गहने लेकर अचानक फरार हो गई। घटना सीतानगर थाना क्षेत्र के एत्माद्दौला इलाके की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में बिचौले और दुल्हन सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
परिवार ने बताया कि छोटे बेटे की शादी के लिए उन्होंने बिचौले जयप्रकाश से संपर्क किया था। जयप्रकाश ने बताया कि लड़की का परिवार गरीब है और शादी का खर्चा उठाना होगा। पहले 40 हजार रुपए लिए गए, फिर शादी से पहले 80 हजार रुपए और लिए गए। शादी नगला पदी के महादेव मंदिर में 4 मई को संपन्न हुई।
सुहागरात की रात दुल्हन ने बेटे को दूध पिलाया और घरवालों को भी केसर वाला दूध दिया, जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया था। इससे पूरा परिवार बेहोश हो गया। नशे में होने का फायदा उठाते हुए दुल्हन ने घर से करीब 1 लाख 30 हजार रुपए नकद और जेवरात चोरी कर फरार हो गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि युवती को लेने छह लोग आए थे।
पीड़ित ने जब बिचौले जयप्रकाश से शिकायत की तो उसने कहा, “भूल जाओ, बेटे की दूसरी शादी करवा देंगे,” और धमकी दी कि अगर पुलिस को सूचना दी तो फर्जी मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।
जांच में यह भी पता चला कि लड़की के रिश्तेदार बताए गए लोग भी फर्जी निकले। मामा-मामी और अन्य परिजन वकील जयप्रकाश के कहने पर भूमिका निभा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।







