वाराणसी में गैराज मालिक की पीट-पीटकर हत्या

छेड़खानी से परेशान युवती ने भांजे संग किया हमला

  • गैराज मालिक पर युवती से छेड़खानी और पीछा करने का आरोप
  • लोहे की रॉड से हमला करने के बाद हुई मौत
  • पुलिस ने मौसी-भांजे को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

Varanasi के सारनाथ थाना क्षेत्र में एक गैराज मालिक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि मृतक युवती से लंबे समय से छेड़खानी करता था और उसका पीछा करता था। इसी से परेशान होकर युवती ने अपने भांजे के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने मामले में युवती और उसके रिश्ते के भांजे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रास्ते में रोककर करता था परेशान

सिंहपुर गांव निवासी मनोज कुमार पटेल (40) कार मैकेनिक था और गैराज चलाता था। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वह रिंग रोड स्थित डंडन बाबा कुटिया के पास अपने गैराज जा रहा था।

इसी दौरान सिंहपुर स्थित दुबे कटरा के पास गांव के ही प्रिंस पटेल और उसकी रिश्ते की मौसी से मनोज का विवाद हो गया।

युवती ने पुलिस को बताया कि मनोज आए दिन उसका पीछा करता था, रास्ते में रोककर अश्लील इशारे करता था और परेशान करता था। उसने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन मनोज ने उसकी मां के सामने भी छेड़खानी की थी।

लोहे की रॉड से किया हमला

मृतक के भाई संतोष कुमार पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि प्रिंस और उसकी मौसी ने मनोज की पिटाई शुरू कर दी।

आरोप है कि मनोज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ हालत में मनोज घर पहुंचा और कमरे में जाकर लेट गया। उसने परिवार के किसी सदस्य को मारपीट की जानकारी नहीं दी।

दोपहर में हुई मौत की जानकारी

परिजनों के मुताबिक दोपहर करीब 2 बजे मनोज की पत्नी रीना और भाई संतोष उसे जगाने पहुंचे, लेकिन वह नहीं उठा। सिर पर गंभीर चोट देखकर डॉक्टर को बुलाया गया, जिसने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच के दौरान सारनाथ पुलिस ने प्रिंस पटेल और उसकी मौसी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button