
- गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर हत्या
- मृतक की पहचान धीरज निषाद उर्फ विधायक (22) के रूप में
- तिलक समारोह में विवाद के बाद हुई मारपीट
गोरखपुर। जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के नदुआज्ञानपार के पुछियहवा टोला में बुधवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय धीरज निषाद उर्फ राजू उर्फ विधायक के रूप में हुई है, जो काली टोला निवासी मुखलाल निषाद का बेटा था।
घटना गांव के 20 नंबर बोरिंग के पास हुई, जहां धीरज को खून से लथपथ हालत में पाया गया। परिजन उसे आनन-फानन में ब्रह्मपुर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तिलक समारोह में हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, धीरज बुधवार को गांव में ही आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने गया था। वहीं किसी बात को लेकर उसका किसी से विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में बदल गया। परिजनों के अनुसार, रात करीब 11 बजे दो युवक घर आए और धीरज को अपने साथ ले गए। डेढ़ घंटे बाद गांव के कुछ लड़कों ने परिजनों को बताया कि 20 नंबर बोरिंग के पास झगड़ा हुआ है।
खून से लथपथ मिला धीरज, अस्पताल में हुई मौत
जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो धीरज बेहोशी की हालत में खून से सना हुआ पड़ा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धीरज टाइल्स लगाने का काम करता था और घर का सहारा था।
परिजनों ने दोस्तों पर जताया शक
मृतक के परिजनों ने उसके कुछ करीबी दोस्तों पर हत्या का संदेह जताया है। हालांकि, अब तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। धीरज की बहन पुलिस चौकी पर मौजूद हैं और परिजनों के मुताबिक, जल्द ही तहरीर दी जाएगी।
घर में पसरा मातम, पिता हिमाचल में रहते हैं
धीरज की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां लालती देवी, बहन संख्या और भाभी रंजना का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता मुखलाल हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करते हैं और घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, कुछ हिरासत में
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उन युवकों की तलाश की जा रही है, जो धीरज को घर से बुलाकर ले गए थे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी नॉर्थ बोले: जांच जारी, कार्रवाई की जाएगी
एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि “झंगहा थाना क्षेत्र में एक तिलक समारोह के दौरान विवाद में युवक की मौत हो गई है। पुलिस जांच कर रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”








