PRD जवानों के परिवार को 5 लाख तक मुफ्त इलाज

भत्ता जल्द 600 रुपये करने का ऐलान- वर्दी भत्ते के 3 हजार रुपये जवानों के खातों में ट्रांसफर

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) जवानों के लिए ‘मुख्यमंत्री PRD परिवार कल्याण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत PRD जवानों के परिवार को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

योगी ने यह भी ऐलान किया कि जल्द ही PRD जवानों का दैनिक भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये किया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। वर्तमान में जवानों को प्रतिदिन 500 रुपये भत्ता मिलता है।

31 हजार से ज्यादा PRD जवान रजिस्टर्ड

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 31 हजार से अधिक PRD जवान पंजीकृत हैं। इनमें 2 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान योगी ने जवानों के वर्दी भत्ते के 3 हजार रुपये उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने लखनऊ में बनने वाले PRD भवन का शिलान्यास भी किया। वर्ष 1948 में गठित प्रांतीय रक्षक दल के जवान स्वयंसेवक के तौर पर पुलिस और प्रशासन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं।

‘सुविधा मिली है तो और बेहतर काम करना होगा’

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD जवानों को सुविधाएं मिल रही हैं, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी और बेहतर तरीके से निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सभी भारतीयों का एक ही लक्ष्य होना चाहिए- ‘देश प्रथम’।

योगी ने कहा कि समाज को बांटने का प्रयास करने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने PRD जवानों के भत्ते में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक 2019 तक जवानों को 250 रुपये प्रतिदिन मिलते थे, जिसे 2019 में बढ़ाकर 375 रुपये किया गया। 2022 में यह 395 रुपये हुआ और बाद में 500 रुपये किया गया।

योगी के संबोधन की 4 बड़ी बातें

1. पिछली सरकारों पर विदेशों में पैसा जमा करने का आरोप

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में प्रदेश का पैसा विदेशों में जमा कराया जाता था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग परेशानी आने पर विदेश भागने की तैयारी रखते थे। योगी ने अमेरिका-ईरान युद्ध का उदाहरण देते हुए अपने राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसा।

2. ‘दंगाई और माफिया रसातल में चले गए’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है। उनके मुताबिक प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये हो गई है और प्रदेश का बजट 9.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

योगी ने कहा कि प्रदेश में दंगाई और माफिया अब हमेशा के लिए रसातल में चले गए हैं।

3. ‘पिछली सरकारों ने माफिया के आगे घुटने टेक दिए’

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर माफिया के सामने झुकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उपजाऊ जमीन, प्रगतिशील किसान, शिक्षित बेटियां, व्यापारी और प्रतिभाशाली युवा मौजूद थे, लेकिन पिछली सरकारों की नीतियों के कारण प्रदेश पिछड़ गया।

उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश को बीमार बनाने के लिए जिम्मेदार थे, वे यहां के लोगों का विकास कैसे कर सकते थे।

4. ‘विकास सैफई सिंडिकेट तक सीमित था’

योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों का विकास कुछ खास लोगों और परिवारों तक सीमित था। उन्होंने कहा कि उस दौर में PRD जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, जबकि आज जवानों की जरूरत बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button