इजराइल ने यमन के दो बंदरगाहों पर हवाई हमला किया

  • 5 मई को इजराइल ने 20 फाइटर जेट्स से यमन में 50 ठिकानों को बनाया था निशाना
  • अमेरिका और हूती विद्रोहियों में हुआ था हमला रोकने का समझौता
  • समझौते के बावजूद हूती विद्रोहियों ने कहा- इजराइल पर हमले जारी रहेंगे

सना। इजराइल और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। इजराइली सेना ने यमन के होदेइदाह और सालिफ बंदरगाहों पर जबरदस्त हवाई हमला किया। सेना के मुताबिक इन बंदरगाहों का इस्तेमाल हथियारों के आवागमन के लिए किया जा रहा था। इस हमले में 30 से ज्यादा बम गिराए गए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और 9 लोग घायल हो गए। हूती समर्थित चैनल ‘अल मसीराह’ ने भी इन हमलों की पुष्टि की है।

नेतन्याहू का ईरान पर सीधा आरोप

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इन हवाई हमलों को जरूरी और सफल करार दिया। उन्होंने कहा कि हूती विद्रोही केवल एक मोहरा हैं, असली ताकत ईरान है जो उन्हें समर्थन और निर्देश देता है। नेतन्याहू ने दो टूक कहा कि इजराइल अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।

रक्षा मंत्री की चेतावनी – अब्दुल मलिक अल-हूती अगला निशाना

इजराइली रक्षा मंत्री योआव काट्ज ने चेतावनी दी है कि अगर हूती विद्रोहियों ने मिसाइल हमले बंद नहीं किए तो उनके नेता अब्दुल मलिक अल-हूती का हाल भी हिजबुल्लाह के प्रमुख हसन नसरल्लाह जैसा होगा। उन्होंने बताया कि इजराइली वायुसेना पहले भी हमास के प्रमुख मोहम्मद देइफ और याह्या सिनवार को मार चुकी है।

बैलिस्टिक मिसाइल से इजराइल पर हमला

4 मई को हूती विद्रोहियों ने इजराइल के सबसे व्यस्त बेन गुरियन एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी, जिससे वहां सड़क और एक वाहन को नुकसान पहुंचा। इजराइली डिफेंस सिस्टम इस हमले को रोकने में असफल रहा। इसके बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 20 फाइटर जेट्स की मदद से यमन में 50 से अधिक ठिकानों पर बमबारी की।

अमेरिका-हूती समझौते के बाद इजराइल की पहली बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि 6 मई को अमेरिका और हूती विद्रोहियों के बीच एक समझौता हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला न करने की सहमति जताई थी। हालांकि हूती विद्रोहियों ने इजराइल के खिलाफ हमले जारी रखने का ऐलान कर रखा है।

ट्रम्प काल में चला था ‘रफ राइडर’ ऑपरेशन

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कार्यकाल में हूती विद्रोहियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन रफ राइडर’ चलाया गया था, जिसमें अमेरिकी सेना ने 1000 से अधिक हूती ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए थे। इसमें सैकड़ों विद्रोही और उनके कई शीर्ष कमांडर मारे गए थे।

Related Posts

इस्लामाबाद के शिया इमामबाड़े में जुमे की नमाज़ के दौरान धमाका

इस्लामाबाद (पाकिस्तान)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तर्लाई कालान इलाके में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के दौरान शिया समुदाय के इमामबाड़ा में एक आत्मघाती धमाका हुआ, जिसमें बड़ी संख्या…

Continue reading
पाकिस्तान के JF-17 फाइटर जेट्स की अंतरराष्ट्रीय मांग बढ़ी

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कहा कि भारत के साथ मई 2025 में हुए संघर्ष के बाद पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों की मांग बढ़ गई है।…

Continue reading