
दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 34वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दिल्ली के वीर भूमि पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की।
बचपन की तस्वीर के साथ राहुल गांधी ने साझा की भावनाएं
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने पिता के साथ बचपन की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा,
“पापा, आपकी यादें हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करती हैं। आपके अधूरे सपनों को साकार करना ही मेरा संकल्प है और मैं इन्हें पूरा करके रहूंगा।”
खड़गे ने बताया भारत का ‘महान सपूत’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा कि,
“राजीव गांधी जी भारत के एक महान सपूत थे, जिन्होंने करोड़ों भारतीयों में नई उम्मीद जगाई। उनकी दूरदर्शी सोच और साहसी फैसलों ने भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार किया।”
उन्होंने 18 साल की उम्र में वोट देने का अधिकार, पंचायती राज को मजबूती, टेलिकॉम और आईटी क्रांति की नींव, कंप्यूटर शिक्षा और नई शिक्षा नीति को उनके प्रमुख योगदानों में गिनाया।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
ममता बनर्जी ने उन्हें ‘दूरदर्शी नेता’ और ‘सच्चे शहीद’ के रूप में याद किया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि, “देश की प्रगति और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले राजीव गांधी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”
आत्मघाती बम धमाके में गई थी जान
राजीव गांधी की हत्या 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरम्बदूर में एक आत्मघाती हमले में हुई थी। लिट्टे की महिला आत्मघाती हमलावर धनु ने उन्हें फूलों का हार पहनाने के बहाने पास जाकर कमर में बंधे विस्फोटकों से खुद को उड़ा लिया था। इस धमाके में 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें-अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
सबसे युवा प्रधानमंत्री
1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री बने। उस समय उनकी उम्र महज 40 साल थी। वे भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने। उनके कार्यकाल में टेक्नोलॉजी, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में कई दूरगामी बदलाव शुरू हुए। उन्होंने कंप्यूटराइजेशन, नवोदय विद्यालय, और PCO योजना की शुरुआत की।








