सिंधु नदी विवाद पर पाकिस्तान के सिंध में उग्र प्रदर्शन

  • सिंध प्रांत में विवादित नहर प्रोजेक्ट को लेकर हिंसक प्रदर्शन
  • प्रदर्शनकारियों ने सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लांजार के घर में की आगजनी
  • पुलिस की फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत, डीएसपी सहित कई घायल

नई दिल्ली। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सिंधु नदी पर विवादित नहर परियोजनाओं को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। शनिवार को नौशहरो फिरोज जिले के मोरो तालुका में प्रदर्शन उस वक्त हिंसक हो गया जब पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने सिंध के गृहमंत्री जियाउल हसन लांजार के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और आगजनी की। साथ ही दो ट्रेलरों और कई मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और गोलियां चलाईं, जिसमें एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सहित कई लोग घायल हो गए।

गृहमंत्री के घर पर बंदूकधारियों का हमला

प्रदर्शनकारी न सिर्फ गृहमंत्री लांजार के घर में घुसे, बल्कि उनके साथ हथियार भी थे। उन्होंने घर के कई हिस्सों में आग लगा दी और जमकर तोड़फोड़ मचाई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और मोरो की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात भी बंद कर दिया गया।

हालात पर काबू पाने को पुलिस बल तैनात

बेनजीराबाद के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल परवेज चंदियो और नौशहरो फिरोज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संघार मलिक हालात को नियंत्रण में लाने मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है ताकि हालात पर काबू पाया जा सके।

PPP ने हमले को बताया साजिश

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) सिंध के सूचना सचिव अजीज धामरा ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘आतंकवादी गतिविधि’ करार दिया। उन्होंने कहा कि विरोध करना लोगों का अधिकार है, लेकिन किसी राजनीतिक नेता के घर पर हमला करना एक गहरी साजिश का संकेत देता है।

ये भी पढ़ें-65वें जन्मदिन पर मोहनलाल को देशभर से शुभकामनाएं

भारत ने सिंधु जल समझौते पर लगाई रोक

इस बीच भारत द्वारा पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को रोकने के फैसले ने भी पाकिस्तान में चिंता बढ़ा दी है। आंदोलनकारियों का कहना है कि सिंधु नदी के जल बंटवारे को लेकर सिंध प्रांत के साथ अन्याय हो रहा है।

Back to top button