अम्बेडकरनगर। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से नगर पालिका परिषद अकबरपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थलों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और सौहार्द का दिया संदेश
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने लोगों से संवाद करते हुए आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार सभी के लिए खुशी और उत्सव का अवसर होते हैं, इसलिए शांति और सहयोग बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष निगरानी
फ्लैग मार्च के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पर्व-त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









