तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव अभिषेक बनर्जी सोमवार को कोलकाता स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे। ईडी उनसे कथित कैश-फॉर-स्कूल-जॉब स्कैम मामले में पूछताछ कर रही है। एजेंसी ने 3 जून को नोटिस जारी कर उन्हें 15 जून की दोपहर 12 बजे तक पेश होने का निर्देश दिया था।
इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी दोनों की चार्जशीट में अभिषेक बनर्जी का नाम शामिल है। इससे पहले रविवार को फर्जी हस्ताक्षर मामले में राज्य की सीआईडी ने उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ की थी। इस मामले में उन्हें एक बार फिर 16 जून को सीआईडी के सामने पेश होना है।
इधर, 13 जून की देर रात कोलकाता पुलिस ने कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पर छापेमारी की थी। पुलिस टीम केंद्रीय बल के जवानों के साथ रात करीब तीन बजे पहुंची और लगभग चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। जवान घर के बाहर तैनात रहे, जबकि पुलिस अधिकारियों ने अंदर जाकर जांच की।
छापेमारी की सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अभिषेक के घर पहुंचीं। वह कुछ देर वहां रहीं और फिर वापस लौट गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई अभिषेक के निजी सहायक सुमित रॉय का पता लगाने के लिए की गई थी।
वहीं, अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने ताला तोड़कर उनके घर में प्रवेश किया और हर कमरे की तलाशी ली। यह छापेमारी ऐसे समय हुई है, जब फर्जी हस्ताक्षर मामले में उनके खिलाफ सीआईडी की जांच जारी है।









