- बच्चों से मिलकर बोले – पढ़ाई करो, खेलो, सब ठीक होगा
- राहुल ने कहा – पीड़ितों की समस्याएं संसद में उठाऊंगा
- पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर का दूसरा दौरा
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में पाकिस्तानी गोलाबारी में मारे गए नागरिकों के परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान राहुल ने स्कूली बच्चों से भी बात की, उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा—”मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं, सब जल्दी ठीक हो जाएगा। खूब पढ़ाई करें, खेलें और नए दोस्त बनाएं।”
राहुल ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि वे उनके मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने कहा, “यह बहुत बड़ी त्रासदी है। कई लोगों की जान गई और बड़े नुकसान का सामना करना पड़ा है। मैंने उनके दर्द को समझने की कोशिश की और वे चाहते हैं कि उनकी आवाज़ दिल्ली तक पहुंचे, मैं इसे जरूर उठाऊंगा।”
ये भी पढ़ें- केरल में समय से 8 दिन पहले पहुंचा मानसून
पहलगाम हमले के बाद राहुल का दूसरा जम्मू-कश्मीर दौरा
22 अप्रैल को पहलगाम की बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत और 10 से अधिक के घायल होने के बाद राहुल गांधी का यह दूसरा जम्मू-कश्मीर दौरा है। इससे पहले वे 25 अप्रैल को श्रीनगर पहुंचे थे और वहाँ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और घायलों से मुलाकात की थी।
भारतीय वायुसेना की जवाबी कार्रवाई में 100 आतंकी ढेर
हमले के बाद 6-7 मई की रात भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के खिलाफ एयर स्ट्राइक की थी। इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के 9 ठिकानों को निशाना बनाया गया और करीब 100 आतंकी मारे गए।








