गोरखपुर में पल्स पोलियो अभियान शुरू

रवि किशन ने पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’

गोरखपुर। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से रविवार को गोरखपुर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। जिला महिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने 6 महीने से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने कहा कि भारत ने पोलियो के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए हर बच्चे तक समय पर पोलियो की खुराक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है। टीकाकरण और जनस्वास्थ्य अभियान इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

सांसद ने यह भी कहा कि पोलियो मुक्त भारत की स्थिति बनाए रखने के लिए समय-समय पर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, जिसमें आम जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button