नई दिल्ली। रविवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। राजधानी के मिंटो रोड, मोती बाग और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात बाधित हुआ।
दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, खराब मौसम के चलते रात 11:30 बजे से सुबह 4:00 बजे तक कुल 49 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं। कुल मिलाकर 100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। हालांकि अब स्थिति सामान्य हो चुकी है।
गाजियाबाद में ACP ऑफिस की छत गिरी, SI की मौत
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शनिवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण ACP ऑफिस में बने एक कमरे की छत गिर गई। हादसे में सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हिमाचल के कुल्लू में बादल फटा, NH-5 बंद
शनिवार शाम हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बादल फटने की घटना सामने आई। इससे अचानक आई बाढ़ में 25 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, और पहाड़ों से गिरे मलबे के कारण हिंदुस्तान-तिब्बत रोड और नेशनल हाईवे-5 को बंद कर दिया गया है।
देश के 21 राज्यों में अलर्ट, नौतपा की शुरुआत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को देश के 21 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में ओलावृष्टि, राजस्थान में धूल भरी आंधी और हीटवेव की चेतावनी दी गई है।
इस बीच देश में मानसून ने अपने तय समय से 8 दिन पहले केरल में दस्तक दे दी है। वहीं, आज से नौतपा की शुरुआत भी हो गई है, जो 2 जून तक चलेगा। यह समय भीषण गर्मी के लिए जाना जाता है।
ये भी पढ़ें-भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग मोदी की रणनीतिक बैठक
हिमाचल के 12 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में 27 और 28 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।








