
- अम्बेडकरनगर में शिक्षक से भूमि रजिस्ट्री के नाम पर ₹1.41 लाख की ठगी
- पीड़ित शिक्षक आशीष कुमार ने आरोपी निरपत को दी थी अग्रिम धनराशि
- रजिस्ट्री के दिन आरोपी ने परिजनों संग विवाद खड़ा कर रजिस्ट्री से किया इनकार
अम्बेडकरनगर। भूमि रजिस्ट्री के नाम पर एक शिक्षक से 1.41 लाख रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीएन इंटर कॉलेज, अकबरपुर में प्रवक्ता पद पर कार्यरत आशीष कुमार ने बताया कि उन्होंने अकबरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम दहीरपुर निवासी निरपत से 160 वर्गमीटर भूमि का छह लाख रुपये में सौदा तय किया था। इसके तहत उन्होंने 16 दिसंबर 2024 को पचास हजार रुपये तथा 4 जनवरी 2025 को 87 हजार रुपये ऑनलाइन नेफ्ट के माध्यम से एवं चार हजार रुपये नकद भुगतान कर कुल एक लाख 41 हजार रुपये अग्रिम धनराशि दे दी थी।
पीड़ित के अनुसार, रजिस्ट्री की तिथि 19 अप्रैल 2025 निर्धारित की गई थी। उपनिबंधक कार्यालय में दस्तावेज टाइप हो गए थे, गवाह भी उपस्थित थे और सभी जरूरी हस्ताक्षर भी हो चुके थे। किंतु रजिस्ट्री से ठीक पहले आरोपी निरपत ने अपनी पत्नी शांति देवी, पुत्र सचिन व अन्य अज्ञात लोगों को कार्यालय बुलाकर विवाद खड़ा कर दिया।
आरोपी पक्ष ने मौके पर पहुंचकर रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया और जब पीड़ित ने अग्रिम धनराशि लौटाने की बात कही तो आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उपनिबंधक कार्यालय में उत्पन्न इस स्थिति से पीड़ित शिक्षक भयभीत हो गया और सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया।









