अंबेडकरनगर। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक नवंबर को लोहिया भवन में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर लगाया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए विभागों को पहले से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने जिला विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि विभाग अपनी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें और पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका पंजीकरण शिविर से पहले पूरा कर लें। इससे शिविर के दिन लाभ देने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।
वंचित वर्गों पर रहेगा विशेष ध्यान
अधिकारियों को दिव्यांगजन, बच्चों, महिलाओं, निर्धन व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और अनुसूचित जाति-जनजाति के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।









