
- चार दिन पहले की बारिश से गर्मी में मिली राहत, लेकिन उमस बरकरार
- सोमवार को बादलों की आवाजाही, फुहार की उम्मीदें नाकाम
- अधिकतम तापमान 36°C, न्यूनतम
अम्बेडकरनगर। जिले में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है। बीते चार दिनों पूर्व हुई बरसात के बाद लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत जरूर मिली है, लेकिन उमस की मार अब भी जारी है। सोमवार को दिनभर बादलों का आना-जाना लगा रहा, परंतु ठंडी फुहार की उम्मीदों पर पानी फिरता रहा।
सोमवार को सुबह करीब 10 बजे तक तेज धूप रही। इसके बाद आसमान में काले बादलों का जमावड़ा देखने को मिला। हालांकि बादलों की मौजूदगी ने तापमान में थोड़ी नरमी लाई, लेकिन बढ़ती नमी ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले में मौसम का चक्र अनिश्चित बना हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। तापमान में यह उतार-चढ़ाव मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य माना जा रहा है, लेकिन इसकी वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार खाड़ी के राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। ऐसे में पूर्वांचल समेत जिले में मानसून के समय से पहले दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। किसानों की उम्मीदें भी अब इन्हीं बादलों से जुड़ गई हैं। आने वाले दिनों में हल्की या मध्यम बारिश की संभावनाएं जताई गई हैं।
बदलते मौसम के बीच खेतों में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई स्थानों पर किसान धान की नर्सरी डालने की तैयारी में जुट गए हैं। हल्की बारिश के बाद खेतों की जुताई और पानी की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर किसानों की निगाहें टिक गई हैं। वे समय से बारिश की उम्मीद में खेतों को तैयार करने में लगे हुए हैं।








