मां और चार बच्चों की हत्या मामले में जांच तेज

विसरा और हथियारों को भेजा गया विधि विज्ञान प्रयोगशाला, वैज्ञानिक रिपोर्ट पर टिकी जांच

अंबेडकरनगर। कोतवाली नगर क्षेत्र के मुरादाबाद मोहल्ले में मां और चार बच्चों की हत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मुख्य आरोपी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद अब पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पिछले सप्ताह शुक्रवार को गासिया और उसके चार बच्चों की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान बीते सोमवार को मुख्य आरोपी आमिर को मुठभेड़ में मार गिराया था, जिसे इस वारदात का मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है।

विसरा और हथियार जांच के लिए भेजे गए

गुरुवार को पुलिस ने जांच के तहत महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे। बच्चों का विसरा, मुठभेड़ स्थल से बरामद पिस्टल और खोखे को जांच के लिए लखनऊ और वाराणसी की विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।

इसके अलावा मौके से मिले खून और मिट्टी के नमूनों को भी परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस को आशंका है कि बच्चों की हत्या से पहले उन्हें नशीला या जहरीला पदार्थ दिया गया हो सकता है। इसकी पुष्टि विसरा रिपोर्ट से होगी।

सुनियोजित वारदात की आशंका

प्रारंभिक जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस एक से अधिक आरोपियों की भूमिका से इनकार नहीं कर रही है।

पुलिस का मानना है कि पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई हो सकती है, इसलिए हर पहलू पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button