
- आगरा के रहलई मार्ग पर टेंपो को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मारी
- टेंपो खाई में पलटा, 20 वर्षीय युवती नंदिनी की मौत
- महिला और बच्ची गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी
आगरा। थाना इरादतनगर क्षेत्र के रहलई मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने शादी समारोह से लौट रहे यात्रियों से भरे टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सीधे खाई में जा गिरा।
घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। लुहैंटा गांव निवासी जोगेंद्र सिंह का परिवार राजस्थान के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होकर टेंपो से लौट रहा था। इसी दौरान रहलई मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टेंपो पलटने से 20 वर्षीय नंदिनी, पुत्री जोगेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायल महिला और बच्ची को इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवती की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नंदिनी ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और परिवार उसकी आगे की पढ़ाई को लेकर सपने देख रहा था। बेटी की असमय मृत्यु से परिजन सदमे में हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने इरादतनगर-शमशाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर एसीपी समेत भारी पुलिस बल बुलाया गया। पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।









