प्रदूषण के खिलाफ होगी दौड़, 22 नवंबर को अकबरपुर में होगा फाइनल

10 नवंबर को जलालपुर से शुरू होगी क्लीन एयर-ग्रीन एयर मैराथन, पांच स्थानों पर आयोजन; पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार

अंबेडकरनगर। पराली और कूड़ा जलाने से होने वाले प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में क्लीन एयर-ग्रीन एयर मैराथन आयोजित की जाएगी। पूर्व सांसद और भाजपा नेता रितेश पांडेय के नेतृत्व में होने वाली यह मैराथन 10 नवंबर को जलालपुर से शुरू होगी। अलग-अलग क्षेत्रों में दौड़ के बाद 22 नवंबर को अकबरपुर में इसका समापन होगा।

आयोजक रितेश पांडेय ने बताया कि मैराथन के जरिए वायु, जल और भूमि प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। खास तौर पर पराली और कूड़ा-करकट जलाने से होने वाले नुकसान पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्दी की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण बढ़ने लगता है। ऐसे में किसानों को पराली जलाने के बजाय उसका उपयोग खेतों में खाद बनाने के लिए करना चाहिए।

पांच तारीखों पर अलग-अलग क्षेत्रों में दौड़

मैराथन का कार्यक्रम पांच चरणों में आयोजित होगा। इसकी शुरुआत 10 नवंबर को जलालपुर से होगी। इसके बाद 14 नवंबर को कटेहरी, 16 नवंबर को टांडा और 18 नवंबर को अयोध्या के गोसाईंगंज में दौड़ होगी। अंतिम चरण 22 नवंबर को अकबरपुर में आयोजित किया जाएगा।

महिला और पुरुष वर्ग में होगी प्रतिस्पर्धा

मैराथन में महिला और पुरुष वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। आयोजक के अनुसार, प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन के जरिए प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जिले के अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button