- समिट 15 से 17 जून तक कनाडा के अल्बर्टा में आयोजित होगी
- भारत को न्योता समिट शुरू होने से ठीक 8 दिन पहले मिला
- पहले मीडिया में भारत को आमंत्रण न मिलने की अटकलें थीं
नई दिल्ली। भारत और कनाडा के रिश्तों में आई तल्खी के बीच एक अहम राजनयिक पहल सामने आई है। कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को G7 समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। यह समिट 15 से 17 जून के बीच कनाडा के कनानास्किस, अल्बर्टा में आयोजित होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस आमंत्रण के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर धन्यवाद जताते हुए कहा कि वे समिट में कार्नी से मुलाकात को लेकर उत्सुक हैं। साथ ही उन्होंने कार्नी को कनाडा चुनाव में जीत की बधाई भी दी।
8 दिन पहले भेजा गया न्योता
भारत को यह निमंत्रण समिट शुरू होने के केवल 8 दिन पहले भेजा गया है। इससे पहले मीडिया में ऐसी अटकलें थीं कि भारत को इस बार निमंत्रण नहीं मिलेगा, क्योंकि भारत-कनाडा संबंध हाल के वर्षों में तनावपूर्ण रहे हैं।
भारत 2019 से G7 समिट में गेस्ट के तौर पर
भारत 2019 से लगातार G7 समिट में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होता आया है। इस बार कनाडा ने अब तक केवल यूक्रेन और ऑस्ट्रेलिया को आमंत्रित किया है। भारत को तीसरे गेस्ट देश के रूप में बुलाया गया है, जबकि अन्य गेस्ट देशों की जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
भारत-कनाडा संबंधों में खटास की पृष्ठभूमि
2023 में कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया था। भारत ने इसे “बेबुनियाद और राजनीतिक मकसद से प्रेरित” बताया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में गिरावट आई और डिप्लोमैट्स की संख्या में कटौती तक करनी पड़ी।
क्या है G7 समूह?
G7 यानी Group of Seven दुनिया के सात सबसे विकसित और अमीर देशों का समूह है। इसके सदस्य हैं:
-
कनाडा
-
फ्रांस
-
जर्मनी
-
इटली
-
जापान
-
ब्रिटेन
-
अमेरिका








