- आगरा के सूर्य नगर में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद
- पत्नी ने आत्महत्या की कोशिश की, पति ने काट ली नस
- बच्चों ने पुलिस को दी सूचना, 112 नंबर पर कॉल किया
आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में मंगलवार रात एक दंपती के बीच मामूली विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। पहले पत्नी ने आत्महत्या का प्रयास किया और फिर पति ने भी बाथरूम में खुद को बंद कर अपनी नस काट ली। दोनों की जान बच्चों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बचाई जा सकी।
पहले पत्नी ने की कोशिश, फिर पति ने काट ली नस
मंगलवार रात सूर्य नगर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और आत्महत्या का प्रयास किया। इसके कुछ देर बाद पति ने भी खुद को बाथरूम में बंद कर लिया और गुस्से में आकर हाथ की नस काट ली।
बच्चों ने 112 पर की कॉल, पुलिस ने तोड़े दरवाजे
घटना के समय दोनों बच्चों ने दरवाजा खुलवाने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बच्चों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पीआरवी 6511 के प्रभारी नरेश कुमार और चालक बेताल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर पति लहूलुहान हालत में मिला।
इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां पत्नी भी बेहोश अवस्था में पड़ी मिली।
समय पर उपचार से दोनों की जान बची
पड़ोसियों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। समय रहते इलाज मिलने के चलते दोनों की जान बच गई। फिलहाल दोनों अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।
पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना के बाद स्थानीय लोगों और बच्चों ने पुलिस की सराहना की। पीआरवी टीम की तत्परता और गंभीरता से एक बड़ा हादसा टल गया।








