
- ऑनलाइन आवेदन से बढ़ी संख्या
- 34,703 ग्रामीणों ने खुद किया आवेदन
- 31,641 आवेदन सत्यापित, 3,062 लंबित
अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले में पहली बार लाभार्थियों को स्वयं ऑनलाइन आवेदन का अवसर देने के बाद आवासहीनों की संख्या में बड़ा इजाफा देखने को मिला है। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) और ग्रामीणों द्वारा किए गए संयुक्त सर्वे में 77,241 लोगों को आवासहीन चिह्नित किया गया है। इनकी पात्रता की जांच एवं डाटा सत्यापन कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
स्वयं सर्वे कर 34,703 लोगों ने किया आवेदन
शासन की ओर से पारदर्शिता बढ़ाने एवं राजनीतिक हस्तक्षेप से बचाने के लिए लाभार्थियों को स्वयं आवेदन का विकल्प दिया गया। जिले के 34,703 ग्रामीणों ने स्वयं को आवासहीन बताते हुए ऑनलाइन आवेदन किए हैं। इनमें जहांगीरगंज से 3,516, भियांव से 7,219, रामनगर से 4,452, अकबरपुर से 3,959, भीटी से 3,052, कटेहरी से 4,081, टांडा से 2,344, बसखारी से 3,209 तथा जलालपुर से 2,871 लोगों ने आवेदन किया।
सत्यापन प्रक्रिया जारी, 3,062 आवेदन लंबित
अब तक 31,641 स्वयं आवेदनकर्ताओं का डाटा सत्यापित किया जा चुका है, जबकि 3,062 आवेदन का सत्यापन अभी शेष है। लाभार्थियों के आवेदन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉकवार 103 चेकर नियुक्त किए गए हैं, जो घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के साफ्टवेयर ने सर्वे डाटा में 28,277 प्रविष्टियों में त्रुटियां पाई हैं। इनकी जांच के लिए ब्लॉक स्तर पर चेकरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।विकासखंड अकबरपुर में 2,880, भीटी में 2,717 और बसखारी में 2,612, टांडा में 4,572, भियांव में 3,021, जहांगीरगंज में 2,578, जलालपुर में 3,682, कटेहरी में 3,448 तथा रामनगर में 2,767 आवास के विवरण की धरातल पर जांच को जिम्मा सौंपा गया है।








