बिहार में महिला डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने पर राजनीतिक घमासान

  • बिहार में महिला डॉक्टर का हिजाब नीतीश कुमार ने मंच पर खींचा
  • PDP नेता इल्तिजा मुफ्ती ने CM के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
  • जम्मू-कश्मीर CM उमर अब्दुल्ला ने माफी का सुझाव दिया

पटना/श्रीनगर। बिहार में महिला डॉक्टर नुसरत परवीन के हिजाब को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सार्वजनिक रूप से खींचे जाने की घटना ने राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। इस घटना के बाद जम्मू-कश्मीर की पूर्व CM महबूबा मुफ्ती की बेटी और PDP नेता इल्तिजा मुफ्ती ने नीतीश कुमार को चेतावनी दी है।

इल्तिजा मुफ्ती ने श्रीनगर में कहा, “आपको (नीतीश कुमार) कोई हक नहीं बनता कि आप हमारे नकाब या हिजाब को हाथ लगाए। अगली बार हमारे हिजाब को हाथ लगाया तो हम मुसलमान औरतें ऐसा सबक सिखाएंगी कि जिंदगी भर भूलेंगे नहीं।” उन्होंने कोठीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बिहार CM के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, पुलिस ने इस पर FIR दर्ज होने की कोई पुष्टि नहीं की है।

घटना 15 दिसंबर की है, जब नीतीश कुमार राजधानी पटना में आयोजित एक समारोह में 1,283 आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। इसी दौरान नुसरत परवीन हिजाब पहनकर मंच पर आईं। नियुक्ति पत्र देते समय नीतीश ने महिला डॉक्टर का हिजाब अचानक खींच लिया, जिससे विवाद फैल गया।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा, “एक पल के लिए भूल जाइए कि वह मुस्लिम महिला थीं और हिजाब पहने हुए थे। किसी महिला के कपड़ों को इस तरह छूना सही नहीं है। नीतीश कुमार को अपनी गलती माननी चाहिए और उस डॉक्टर से माफी मांगनी चाहिए।”

घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक चर्चा तेज हो गई है। कई नेताओं और नागरिकों ने नीतीश कुमार के इस व्यवहार की निंदा की है और महिला अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button