वाराणसी। मुंबई से दो साल बाद घर लौट रहे आजमगढ़ निवासी रामकेश के साथ वाराणसी में एक बड़ी लूट की घटना हुई। पीड़ित रामकेश ने सिगरा थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वाराणसी स्टेशन से निकलने के बाद उन्होंने आजमगढ़ जाने के लिए एक शेयरिंग ऑटो लिया था, लेकिन वह घर पहुंचने से पहले लापता हो गए। अगले दिन सुबह उन्हें रिंग रोड के पास एक नाले में अचेत अवस्था में पाया गया।
शेयरिंग ऑटो में बैठे शातिर ने सुनाया रुमाल, हुआ बेहोश
रामकेश के अनुसार, 21 जून की रात वह ट्रेन से वाराणसी पहुंचे। रोडवेज पर कोई बस न मिलने के कारण वह वापस फ्लाईओवर के पास आए, जहां एक ऑटो चालक ने आजमगढ़ तक छोड़ने की बात कही। उसी ऑटो में एक अन्य व्यक्ति पहले से बैठा था, जिसने शेयरिंग में चलने की बात कही। ऑटो में बैठने के कुछ ही देर बाद पीछे बैठे व्यक्ति ने उन्हें कुछ सुंघाया, जिससे वह बेहोश हो गए।
रिंग रोड के पास नाले में पड़ा मिला युवक, घरवालों ने पहुंचकर बचाया
सुबह जब रामकेश की आंख खुली तो खुद को एक नाले में गिरा पाया। मोबाइल कुछ दूर पड़ा था। जब उन्होंने राहगीरों से पूछताछ की तो पता चला कि यह स्थान वाराणसी की रिंग रोड के पास है। उन्होंने जैसे-तैसे घरवालों को फोन किया, जो उन्हें मौके से लेकर गए।
2 लाख UPI से ट्रांसफर, 3 लाख का कीमती सामान भी गायब
रामकेश ने बताया कि जब उन्होंने मोबाइल चेक किया, तो उसमें UPI से 2 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन में ट्रांसफर किए जा चुके थे। इसके अलावा मुंबई से लाया गया करीब 3 लाख रुपये का कीमती सामान भी लूट लिया गया था।








