- मुहर्रम की शुरुआत शुक्रवार से, हिजरी 1447 का आगाज़
- 6 जुलाई को ताजिया जुलूस के साथ होगा समापन
- जिले भर के इमामबाड़े और अजाखाने सजकर तैयार
अंबेडकरनगर। शहादत और सब्र का प्रतीक मुहर्रम शुक्रवार से आरंभ हो रहा है। इस्लामी नववर्ष हिजरी सन 1447 की शुरुआत के साथ ही जिले में अजादारी की रस्मों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। शिया समुदाय द्वारा मनाया जाने वाला यह महीना पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन और उनके 71 साथियों की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है।
छह जुलाई को होगा ताजिया जुलूस का समापन
मुहर्रम का समापन आगामी छह जुलाई रविवार को ताजिया जुलूस और मातमी कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। इससे पहले पहले अशरा-ए-मुहर्रम (प्रथम 10 दिन) के दौरान जिले भर में मजलिसें, मातम, नोहा और मर्सिया के कार्यक्रम आयोजित होंगे। मीरानपुर सहित कई स्थानों पर अजाखानों, इमामबाड़ों और चौकों को रंग-रोगन कर पूरी तरह सजाया गया है।
इमामबाड़े और अजाखाने सजकर हुए तैयार
शिया जामा मस्जिद मीरानपुर के इमाम अकबर अली ने बताया कि इस बार भी अजादारी की सभी तैयारियां पूर्ण हैं। जिले के प्रमुख इमामबाड़ों, चौकों और निजी अजाखानों में रंग-रोगन, साफ-सफाई व सजावट का काम पूरा हो चुका है। धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय समितियां व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में जुटी हैं।
मीरानपुर में पांच स्थलों पर होंगी नियमित मजलिसें
मीरानपुर मोहल्ले में रोजाना पांच स्थानों पर नियमित मजलिसों का आयोजन होगा। शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे से अजाखाना मीर कासिम हुसैन में मौलाना सैयद मुहम्मद जुहैर मजलिस को संबोधित करेंगे। इसके बाद क्रमशः साढ़े नौ बजे अजाखाना राजा साहब में मौलाना मुहम्मद रजा रिजवी,साढ़े दस बजे अजाखाना चौधरी सिब्ते मुहम्मद नकवी में मौलाना मुहम्मद रजा,साढ़े ग्यारह बजे अजाखाना जौव्वाद हुसैन,बारह बजे अजाखाना सरवर हुसैन जैदी में मौलाना सैयद मुहम्मद जुहैर मजलिस को संबोधित करेंगे।








