- पश्चिम बंगाल गैंगरेप केस को लेकर अपर्णा यादव ने जताई नाराज़गी
- महिला सीएम के शासन में बेटियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल
- पीड़िता को जल्द न्याय और दोषियों को सख्त सजा की मांग
लखनऊ। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में छात्रा से कथित गैंगरेप मामले पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने घटना को “शर्मनाक और निंदनीय” बताते हुए ममता सरकार पर सवाल उठाए।
अपर्णा यादव ने कहा, “जब एक राज्य की बागडोर महिला मुख्यमंत्री के हाथों में हो, तब भी यदि ऐसी घटनाएं होती हैं, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दस महीने पहले भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। यह दोहराव चिंता बढ़ाता है।”
पीड़िता को मिले न्याय, आरोपी हों सख्त सजा के हकदार
अपर्णा ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार को पीड़िता को जल्द न्याय दिलाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा, “इस देश में किसी भी बेटी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।”
गार्ड की चुप्पी भी संदेह के घेरे में
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अपर्णा यादव ने कहा, “वहां मौजूद गार्ड ने कोई मदद नहीं की, यह बेहद गंभीर और जांच का विषय है। लेकिन उससे भी जरूरी यह है कि पीड़िता की आवाज सुनी जाए और न्याय सुनिश्चित किया जाए।”
सरकार को लेकर जनता को सोचने की जरूरत
अपर्णा ने कहा कि अगर महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद राज्य में बेटियों की सुरक्षा नहीं हो पा रही है, तो वहां की जनता को सरकार बदलने के बारे में विचार करना चाहिए। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और देशभर में महिला सुरक्षा पर केंद्र और राज्यों से कड़े कदम उठाने की अपील की।








