
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। 1 जुलाई 2025 से बैंक ने सभी तरह के खातों के लिए मिनिमम एवरेज बैलेंस (MAB) रखने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। इसका मतलब है कि अगर ग्राहक अब न्यूनतम राशि अपने खाते में नहीं रखते हैं तो भी बैंक कोई पेनल्टी नहीं लगाएगा।
इससे पहले तक PNB शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के खातों में MAB न रखने पर 10 से 600 रुपये तक जुर्माना वसूलता था। बैंक के इस नए नियम के लागू होते ही अब ग्राहक बेझिझक खाते का इस्तेमाल कर सकते हैं, चाहे उसमें शून्य बैलेंस हो।
क्या होता है मिनिमम एवरेज बैलेंस?
MAB वह औसत राशि है जो महीने भर के हर दिन के खाते के बैलेंस को जोड़कर और कुल दिनों से भाग देकर निकाली जाती है। अगर यह औसत निर्धारित राशि से कम होता है, तो बैंक पहले पेनल्टी लगाता था।
SBI में पहले से लागू है नियम
देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक SBI पहले से ही मिनिमम बैलेंस न रखने पर कोई जुर्माना नहीं वसूलता है। अब PNB ने भी यही नीति अपनाकर ग्राहकों को राहत दी है। हालांकि अभी कई प्राइवेट बैंकों में यह नियम लागू है।
ग्राहकों को क्या लाभ?
खातों में पैसा न होने पर भी नहीं लगेगा जुर्माना
बचत खाताधारकों को वित्तीय बोझ से राहत
ग्रामीण और निम्न आयवर्ग के ग्राहकों को अधिक सुविधा








