पौध वितरण के साथ ली गई स्वच्छता की शपथ

अंबेडकरनगर। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने की। इस अवसर पर नागरिकों को प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करते हुए, नवजात शिशु की भांति पौधों की देखभाल की शपथ दिलाई गई।

प्लास्टिक के दुष्परिणामों को लेकर दिया गया संदेश
अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने प्लास्टिक के अत्यधिक प्रयोग से उत्पन्न हो रहे पर्यावरण प्रदूषण की गंभीरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक न केवल धरती की उर्वरता को समाप्त करता है, बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसी क्रम में ईओ ने नगर को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ बनाने की सामूहिक शपथ दिलवाई।

पौध वितरण के माध्यम से दिया गया हरियाली का संदेश
अभियान के तहत भवन मानचित्र स्वीकृति, नए जल संयोजन, जन्म-मृत्यु पंजीकरण व मकान दर्ज कराने जैसे शासकीय कार्यों हेतु आने वाले नागरिकों को एक-एक पौधा भेंट किया गया। साथ ही यह भी संकल्प दिलाया गया कि हर नया पौधा एक नवजात शिशु की भांति संरक्षित किया जाएगा, जिससे वह वृक्ष बनकर परिवार का अभिन्न अंग बन सके।

कार्यक्रम के दौरान नपा अकबरपुर कार्यालय परिसर में कर्मचारियों और आम नागरिकों को एकत्र कर स्वच्छता एवं प्लास्टिक उन्मूलन की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर सभासद जयराम भारती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हृदयानंद यादव, अवर अभियंता (जल) शैलेंद्र सिंह, निर्माण अवर अभियंता मालविका सिंह, वरिष्ठ लिपिक अनूप सोनकर, लेखाकार ओंकारनाथ तिवारी, अर्बन विशेषज्ञ रवि उपाध्याय, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी जसवंत सिंह यादव, स्वच्छता प्रभारी मोहम्मद इसराईल, ओमप्रकाश सुमन, आशीष शुक्ला व अमित श्रीवास्तव समेत नगर पालिका के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button